You are here
Home > Uncategorized > वालियर में बोले राहुल-भारत में पाक से दोगुनी बेरोजगारी

वालियर में बोले राहुल-भारत में पाक से दोगुनी बेरोजगारी

ग्वालियर – भारत जोड़ने वाली यात्रा में जनसैलाब के बीच राहुल गांधी ने कहा, ‘आज देश में पिछले 40 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। यह पाकिस्तान की तुलना में दोगुनी है। हमारे पास बांग्लादेश-भूटान से भी अधिक बेरोजगार युवा हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी और GST लागू करके छोटे व्यवसायों को खत्म कर दिया है।’

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल ने यह बात भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान आज रविवार को ग्वालियर में कही। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, ‘अंबानी के यहां बेटे की शादी हो रही है। वहां दुनियाभर के लोग आ रहे हैं। यहां आप लोग भूखे मर रहे हैं।’ इससे पहले राहुल ने ग्वालियर के देवास गार्डन में अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों से संवाद किया। मोहना में रोड शो किया।
यात्रा के शेड्यूल में बदलाव के मुताबिक राहुल पहले दिल्ली और फिर वहां से बिहार की राजधानी पटना पहुंचे हैं। वे पटना में I.N.D.I.A. गठबंधन की रैली में शामिल होंगे। 4 मार्च को यात्रा पूर्व शेड्यूल के मुताबिक रहेगी।
नासिक पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर ग्वालियर पुलिस ने राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ाई है। सूत्रों के मुताबिक, नासिक पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले गुमनाम शख्स ने कंट्रोल रूम में फोन कर भारत जोड़ो न्याय यात्रा में ब्लास्ट करने की धमकी दी थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

ये भी बोले राहुल

बीजेपी सरकार ने बड़े-बड़े अरबपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ कर दिया। ये जो कर्ज का पैसा था, वो देश के लोगों का था, जिसे टैक्स से जुटाया गया था। अगर मोदी सरकार अरबपतियों के लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ कर सकती है तो किसानों का कर्ज माफ क्यों नहीं कर सकती?
हम ‘भारत माता की जय’ कहते हैं। भारत माता यह देश है, देश के लोग हैं। अगर हम ‘भारत माता की जय’ कहते हैं तो फिर देश के 73% लोगों की जय भी होनी चाहिए।
देश के युवा पहले मेहनत कर सेना में जाते थे तो उन्हें आदर-सम्मान मिलता था। कोई शहीद होता तो उसे शहीद का दर्जा मिलता था। अब ‘अग्निवीर योजना’ आने के बाद सैनिकों के साथ भेदभाव हो रहा है। ये अन्याय है।
देश में करीब 50% OBC, 15% दलित और 8% आदिवासी वर्ग के लोग हैं, यानी कुल 73% लेकिन आपको देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट में एक भी OBC, दलित और आदिवासी वर्ग का व्यक्ति नहीं मिलेगा। हमने जातिगत जनगणना की बात इसलिए की ताकि देश की सच्चाई 73% लोगों को पता चल जाए कि किसकी-कितनी भागीदारी है।

Top