You are here
Home > Uncategorized > लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट में 39 नाम, 4 महिलाएं

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट में 39 नाम, 4 महिलाएं

नई दिल्ली – कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट 8 मार्च को जारी कर दी। शुक्रवार शाम 7.15 बजे पार्टी ने 39 कैंडिडेट्स का ऐलान किया। इस लिस्ट के मुताबिक राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगे। वे अभी भी वहीं से सांसद हैं। राहुल के अलावा भूपेश बघेल और शशि थरूर के नाम भी लिस्ट में हैं। कांग्रेस की पहली लिस्ट में 15 कैंडिडेट सामान्य (जनरल कैटेगरी), 24 उम्मीदवार एससी-एसटी,ओबीसी और माइनॉरिटी कैटेगरी से हैं। 12 उम्मीदवारों की उम्र 50 साल से कम है।
भाजपा ने 2 मार्च को 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 195 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी की थी। भाजपा की सूची के 5 दिन बाद कांग्रेस की पहली लिस्ट आई है।
कांग्रेस ने पहली लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री और दो पूर्व मंत्रियों को मैदान में उतारा है। शिव डहरिया और ताम्रध्वज साहू को टिकट देकर जातिगत समीकरण तो साधा ही है, साथ ही संदेश भी दिया है कि जिन बड़े विभागों को कांग्रेस के मंत्रियों ने संभाला था, उन्हें मैदान में उतरकर अब भाजपा को पटखनी देनी चाहिए।राजेंद्र साहू को टिकट देकर भूपेश बघेल ने यह जता दिया कि टिकट वितरण में उनकी पसंद का ख्याल रखा गया है।राजेंद्र के कारण ताम्रध्वज साहू को महासमुंद शिफ्ट होना पड़ा। ज्योत्सना महंत का मुकाबला सरोज पांडेय से जरूर है, लेकिन ये चुनाव वास्तव में ज्योत्सना महंत के पति चरणदास महंत और सरोज पांडेय के बीच होगा।चरणदास महंत कांग्रेस में उस क्षेत्र के सबसे बड़े नेता हैं और सरोज पांडेय भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव। भाजपा के ग्लैमर और कांग्रेस बड़े चेहरे के बीच ये चुनाव है। हालांकि पिछली बार मोदी लहर में भी ज्योत्सना महंत ने चुनाव जीतकर सभी को चौंकाया था। कांग्रेस की अब 5 टिकटें एक दो दिन में ही जारी हो सकती हैं, तब छत्तीसगढ़ की 11 सीटों का गणित पता चल सकेगा।

Top