You are here
Home > Uncategorized > खरगोन में 50 फीट ऊंचे पुल से नीचे गिरी बस 20 सवारियों की मौत, 24 घायल

खरगोन में 50 फीट ऊंचे पुल से नीचे गिरी बस 20 सवारियों की मौत, 24 घायल

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने दुर्घटना पर दुख जताया

खरगोन – खरगोन में मंगलवार सुबह 8.40 बजे एक बस 50 फीट ऊंचे पुल से गिर गई। इस हादसे में 20 यात्रियों की मौत हुई है। इसमें 3 बच्चे और 6 महिलाएं हैं। खरगोन के एसपी धरम वीर सिंह ने बताया कि 24 लोग घायल हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया। घटना के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। बस डोंगरगांव और दसंगा के बीच बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी। नदी सूखी हुई थी।
सूत्रों के अनुसार मां शारदा ट्रेवल्स की बस में 40 से अधिक लोग सवार थे। पुलिस-प्रशासन से पहले डोंगरगांव और लोनारा के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हमने बस के कांच फोड़कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को अपने संसाधनों से अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से पांच मिनट पहले ही बस निकली थी। बस तेज रफ्तार में चल रही थी।
मौके पर एंबुलेंस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। आईजी राकेश गुप्ता ने बताया कि खरगोन के बेजापुर से इंदौर की ओर जा रही थी। रफ्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरी। बस में 40 से अधिक यात्री थे। नदी सूखी होने के कारण अधिकतर यात्रियों को चोट लगी है, लेकिन 15 से अधिक यात्रियों की मौत हो गई। रेस्क्यू जारी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया जा रहा है।
एसडीएम ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर ऊन थाना क्षेत्र के डोंगरगांव के समीप हुआ। फिलहाल बस चालक का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक ऐसा प्रतीत होता है कि ड्राइवर को नींद का झोंका आ गया था, तभी बस अनियंत्रित हो गई।

कमलनाथ ने दुख जताया

इस दुर्घटना पर दुख जताते हुए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने ट्वीट किया कि खरगोन जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 15 लोगों की मृत्यु और बहुत से लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। राहत और बचाव दल को अपने अभियान में शीघ्र सफलता मिले ऐसी प्रार्थना है।

Top