You are here
Home > Uncategorized > आनन-फानन जारी आदेशों से हो रही किरकिरी

आनन-फानन जारी आदेशों से हो रही किरकिरी

मंडला के अफसर को पहले अपर कलेक्टर बनाया, फिर रिवर्ट कर संयुक्त कलेक्टर किया पदस्थ

भोपाल – लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के पहले सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग द्वारा जारी किए गए तबादला आदेश आनन-फानन संशोधित भी किए गए हैं। सबसे खास बात तो मंडला जिले में पदस्थ संयुक्त कलेक्टर के मामले में सामने आई है जिसे जीएडी (सामान्य प्रशासन विभाग) ने आधी रात के बाद जारी आदेश में पदोन्नत पद पर अनूपपुर का अपर कलेक्टर बनाया और 12 घंटे बाद पदोन्नत पद से नीचे लौटाते हुए वापस संयुक्त कलेक्टर के पद पर पोस्टिंग कर दी। इसी तरह गृह विभाग ने भी कई तबादलों को संशोधित किया है। तबादलों को लेकर सरकार की हड़बड़ी और जल्दबाजी से अधिकारी वर्ग में नाराजगी है और तबादला आदेश जारी करने वाले अफसर सरकार की किरकिरी भी करा रहे हैं।

जानिए दो दिनों में कैसे हुए तबादले के बाद संशोधन आदेश

  1. आईएएस अफसर और अपर आयुक्त रीवा छोटे सिंह को 14 मार्च की आधी रात में जारी आदेश में सचिव राजस्व मंडल ग्वालियर के पद पर पदस्थ किया गया था। 15 मार्च को दिन में जारी आदेश में इस आदेश में बदलाव करते हुए उन्हें अपर आयुक्त राजस्व ग्वालियर बना दिया गया है।
  2. मंडला जिले में पदस्थ संयुक्त कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह को जीएडी ने प्रमोशन के बाद 14 मार्च को जारी आदेश में अपर कलेक्टर अनूपपुर के पद पर पदस्थ किया था। 15 मार्च को जारी आदेश में इस अधिकारी को रिवर्ट करते हुए अपर कलेक्टर अनूपपुर की पदस्थापना से वापस संयुक्त कलेक्टर मंडला के पद पर पदस्थ कर दिया है।
  3. सामान्य प्रशासन विभाग ने 9 मार्च को जारी आदेश में प्रशासक महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन व सीईओ उज्जैन विकास प्राधिकरण का ट्रांसफर अपर कलेक्टर निवाड़ी के पद पर किया गया था। 15 मार्च के आदेश में यह तबादला निरस्त कर सोनी की पोस्टिंग उज्जैन में ही यथावत रखी गई है।
  4. सीएम सचिवालय में पदस्थ उप सचिव महीप कुमार तेजस्वी को 9 मार्च को जारी आदेश में सीईओ जिला पंचायत सतना पदस्थ किया गया था। 15 मार्च को जारी आदेश मे तेजस्वी की पोस्टिंग सतना के बजाय सीईओ जिला पंचायत राजगढ़ के पद पर की गई है।
  5. अपर कलेक्टर बालाघाट ओमप्रकाश सनोडिया को 9 मार्च को महाप्रबंधक एमपी वेयरहाउसिंग कारपोरेशन पदस्थ किया गया था लेकिन 15 मार्च को इनका तबादला अपर कलेक्टर अनूपपुर कर दिया गया।
  6. स्वाति तिवारी प्रभारी डिप्टी कलेक्टर मंदसौर 9 मार्च के आदेश में प्रभारी डिप्टी कलेक्टर आगर मालवा पदस्थ की गई थीं जिनको 15 मार्च को जारी आदेश में तबादला निरस्त कर यथावत कर दिया गया।
  7. जीएडी ने 9 मार्च को जारी आदेश में सामान्य प्रशासन विभाग पूल में पदस्थ संयुक्त कलेक्टर दयाकिशन शर्मा को अवर सचिव पशुपालन और डेयरी विभाग के पद पर पदस्थ किया गया था। 15 मार्च को जारी आदेश में शर्मा की पदस्थापना में संशोधन करते हुए आयुक्त नगर निगम सिंगरौली के पद पर पदस्थ कर दिया है।
  8. राज्य पुलिस सेवा के अफसर अभिषेक राजन को 11 मार्च को जारी आदेश में गृह विभाग ने उप सेनानी छठवीं वाहिनी एसएएफ जबलपुर एएसपी कटनी के पद पर पदस्थ किया था। 15 मार्च को जारी आदेश में इसमें बदलाव करते हुए वापस उप सेनानी छठवीं वाहिनी एसएएफ जबलपुर पदस्थ किया गया है।
  9. गृह विभाग ने 11 मार्च को जारी आदेश में संतोष डेहरिया को उप सेनानी छठवीं वाहिनी एसएएफ जबलपुर को एएसपी शहडोल के पद पर पदस्थ किया गया था। 15 मार्च के आदेश में इन्हें एएसपी शहडोल के स्थान पर एएसपी कटनी पदस्थ किया गया है।
  10. विश्वदीप सिंह परिहार निरीक्षक भिंड को 10 मार्च के आदेश में गृह विभाग ने कार्यवाहक डीएसपी महिला सुरक्षा खरगोन पदस्थ किया गया था। 15 मार्च के आदेश में इन्हें कार्यवाहक सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी एसएएफ इंदौर पदस्थ किया गया है।
  11. गृह विभाग ने रक्षित निरीक्षक देवेंद्र सिंह यादव को 10 मार्च को जारी आदेश में कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बालाघाट पदस्थ किया गया था। 15 मार्च को इसमें बदलाव कर सहायक पुलिस आयुक्त यातायात भोपाल जोन-3 पदस्थ कर दिया गया।
Top