You are here
Home > News > राष्ट्रपति चुनाव के बाद कमलनाथ बोले-क्रॉस वोटिंग की जांच करेंगे

राष्ट्रपति चुनाव के बाद कमलनाथ बोले-क्रॉस वोटिंग की जांच करेंगे

राष्ट्रपति चुनाव में 17 कांग्रेसी विधायकों की क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस सकते में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि वे इस मामले की जांच कराएंगे। क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को चिह्नित किए जाने की शुरुआत हो गई है। प्रारंभिक जांच में 6 विधायक मालवा-निमाड़ से और 6 विधायक महाकौशल से होने की जानकारी सामने आई है, जो आदिवासी वर्ग से हैं।

बाकी 5 विधायक जिनके वोट रिजेक्ट हुए हैं, वे सामान्य वर्ग से हैं। इनके ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड से होने की जानकारी सामने आई है। पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने कहा है कि क्रॉस वोटिंग करने वाले आस्तीन के सांप हैं। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भाजपा के अलावा मप्र के उन सभी विधायकों को धन्यवाद, जिन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर हमारी जनजातीय बहन द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया।

12 विधायक आदिवासी वर्ग और 5 विधायक सामान्य वर्ग से
सीएम शिवराज ने कहा- उन सभी विधायकों को धन्यवाद, जिन्होंने हमारी जनजातीय बहन द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया। पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- भाजपा के द्वारा चुनाव में पैसे के लेनदेन का नंगा नाच चल रहा है। कांग्रेस पार्टी इसकी जांच करवाकर सख्त कार्रवाई करेगी।

द्रौपदी मुर्मू को 146 और यशवंत सिन्हा को 79 वोट मिले थे
18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को 146 और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 79 वोट मिले थे। इस तरह 230 विधायकों में से 5 विधायकों के वोट निरस्त हो गए थे। कांग्रेस के विधानसभा में 96 विधायक हैं जिनमें से 17 विधायकों ने एनडीए के पक्ष में वोट किया। राष्ट्रपति चुनाव में विधायकों की क्रॉस वोटिंग से पार्टी को बड़ा झटका लगा है। मप्र में यह पहला मौका है, जब राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग की गई है।

कांग्रेस विधायकों ने लगाए थे खरीद-फरोख्त के आरोप
चुनाव के पहले कांग्रेस के विधायक उमंग सिंघार ने आरोप लगाया था कि उन्हें द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट करने के लिए 1 करोड़ रुपए देने का ऑफर आया था, जिसका वे खुलासा भी कर चुके हैं। इसी तरह एक अन्य आदिवासी विधायक से संपर्क कर कहा गया था कि उन्हें एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे और नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में कलेक्टर और एसपी स्तर पर मदद करवाने का आश्वासन दिया गया था।

Leave a Reply

Top