You are here
Home > Uncategorized > मनोरंजन पार्क के टेंडर में ‘खेल’

मनोरंजन पार्क के टेंडर में ‘खेल’

एक साल पहले बनी कंपनी को दे दी 100 करोड़ रुपए की जमीन

भोपाल – नगर निगम के अफसरों ने मनोरंजन पार्क बनाने के नाम पर करीब 100 करोड़ रुपए की जमीन 7.50 लाख रुपए साल के रेट पर स्प्लेंडर रियलिटीज नामक ऐसी कंपनी को आवंटित कर दी, जिसे इस काम का अनुभव ही नहीं है। इस फर्म को केवल बिल्डिंग बनाने का अनुभव है। कंपनी को अयोध्या बायपास की प्राइम लोकेशन पर 7.50 एकड़ जमीन 15 साल की लीज पर दी है। दैनिक भास्कर के पास मौजूद दस्तावेजों के अनुसार टेंडर में दो गड़बड़ी हैं। पहली- जमीन निगम की नहीं, हाउसिंग बोर्ड की है। बोर्ड ने निगम को 5.96 करोड़ रु. में रखरखाव के लिए दी है। दूसरी- टेक्निकल क्राइटेरिया और अनुभव के मापदंड की है। खास बात यह कि ई-टेंडर पोर्टल पर तकनीकी बिड खोले जाने की बात अभी तक पेंडिंग दिख रही है।

बड़ा सवाल…

आनन-फानन में सारा काम… निविदा क्रमांक 298805-1 11 अग्रस्त 2023 को जारी हुई थी, वह एमपीटेंडर की साइट पर आज तक प्राइज बिड ओपनिंग प्रक्रिया अंकित है, जबकि निगम ने कंपनी को यह काम 4 अक्टूबर 2023 को ही दे दिया। 26 सितंबर 2023 को टेक्निकल बिड खोली। 7 दिन में प्राइज बिड खोलकर प्रक्रिया कर दी। 5 अक्टूबर को बैंक गारंटी जमा की पर एग्रीमेंट 4 अक्टूबर को कर लिया। 5 व 6 अक्टूबर को अनुशंसा मांगी गई।

2012 में मेंटेनेंस के लिए दी थी
यहां भोजपुरी समाज छठ का कार्यक्रम करता है। मेंटेनेंस के लिए हाउसिंग बोर्ड ने जून 2012 में इसे निगम को दी थी। निगम ने वर्ष 2023 में यहां एम्युजमेंट पार्क की योजना बनाई। दस्तावेजों के अनुसार कंपनी यहां वॉटर पार्क, रेस्टोरेंट, प्ले जोन बनाकर कमर्शियल एक्टिविटी करेगी।

पांच साल का अनुभव बताया
स्प्लेंडर रियलिटीज ने टेंडर के पेज नंबर 76 पर स्वहस्तारक्षित अनुभव प्रमाण पत्र लगाया है। जीएसटी रिटर्न की साइट पर कंपनी की प्रोफाइल में पंजीयन 2022 में होना पाया गया। आईटी रिटर्न में सिर्फ वर्ष 2022-23 का टर्नओवर दिखाया। पहले दोनों वर्ष का टर्नओवर निल बताया है।

2 कंपनियां खानापूर्ति के लिए
टेंडर में दूसरी कंपनी मोहम्मद अजहर खान की है। इन्होंने अनुभव के रूप में नगर निगम की रेलिंग व फुटपाथ की रंगाई-पुताई करना बताया। तीसरी कंपनी सूरत की इंजीनियरिंग प्रोफेशनल है। इसने सीवेज लाइन का अनुभव बताया है। जीएसटी रिटर्न की कॉपी नहीं लगाई।

Top