इंदौर की प्रोफेसर कॉलोनी में सरकारी अमले पर पथराव, चक्काजाम Uncategorized by mpeditor - February 28, 2024February 28, 20240 इंदौर – इंदौर के भंवरकुआ इलाके में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम और पुलिस टीम पर भीड़ ने बुधवार सुबह हमला कर दिया। मामला प्रोफेसर कॉलोनी में बनी अवैध बस्ती का है। इससे गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। महिलाएं और बच्चे सड़क पर ही लेट गए। पथराव के बाद पुलिस ने डंडे घुमाकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। खबर लिखे जाने तक फिर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।इंदौर नगर निगम अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बस्ती पहुंची थी। चेतावनी के बाद बड़ी तादाद में लोग इकट्ठा हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया। जब प्रशासन नहीं माना तो लोगों ने पत्थर मारना शुरू कर दिए। इस पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर कर भारी बल तैनात कर दिया है। ध्यान रहे कि निगम इससे पहले खजराना इलाके में भी बड़ी कार्रवाई कर चुका है। साथ ही व्यस्ततम बंबई बाजार में अतिक्रमण हटाया था।