You are here
Home > MP > पांच दिसम्बर से तीखे होंगे ठंड के तेवर, ठिठुरेंगे जबलपुर और ग्वालियर

पांच दिसम्बर से तीखे होंगे ठंड के तेवर, ठिठुरेंगे जबलपुर और ग्वालियर

भोपाल। मध्यप्रदेश में ठंड तेज हो गई है। कई शहरों में रात का पारा नीचे गिरा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 5 दिसंबर से प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी और पूरा प्रदेश ठिठुरने लगेगा। वहीं, इंदौर-भोपाल के मुकाबले जबलपुर और ग्वालियर में ठंड का असर ज्यादा रहेगा।

भोपाल में दिसंबर की शुरुआत से ही सर्दी का असर बढ़ गया है। 1 और 2 दिसंबर को दिन में भी ठंड महसूस हुई। रात में और अलसुबह पारे में खासी गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते लोग कंपकंपा उठे। शनिवार और रविवार को मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 5 दिसंबर के बाद उत्तर से आने वाली हवाओं का स्ट्रांग विंड सिस्टम बनने की संभावना है। इसके बाद ठंड और बढ़ जाएगी।

इन दिनों प्रदेश में नौगांव और पचमढ़ी सबसे ज्यादा ठंडे हैं। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 7 डिग्री के आसपास चल रहा है। वहीं, नौगांव में तापमान 6 डिग्री के करीब है। इसके अलावा खजुराहो, उमरिया, मलाजखंड, गुना, ग्वालियर, खंडवा, रायसेन, राजगढ़ समेत कई शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे चल रहा है। पांच दिसंबर के बाद अन्य शहरों के तापमान में भी खासी गिरावट होगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवाएं उत्तरी होने के कारण प्रदेश भर में कई इलाकों में तापमान गिर रहा है। अब तक स्ट्रॉन्ग विंड सिस्टम नहीं बनने के कारण तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई है। अब 5 दिसंबर से अच्छी ठंड होने की उम्मीद है।जबलपुर और ग्वालियर में ज्यादा ठंड रहेगी

मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के पहले सप्ताह से ठंड का जोर शुरू होगा। सबसे ज्यादा ठंड ग्वालियर और जबलपुर के साथ बुंदेलखंड के इलाकों में रहेगी। इसके अलावा, रायसेन और भोपाल में भी अच्छी ठंड पड़ सकती है। उज्जैन और इंदौर में हवाएं के रुख पर ठंड के तेवर निर्भर हैं।

Top