You are here
Home > Politics > शहडोल में गरजे कमलनाथ, प्रदेश सरकार पर जमकर साधा निशाना

शहडोल में गरजे कमलनाथ, प्रदेश सरकार पर जमकर साधा निशाना

शहडोल/ भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को अपने एक दिवसीय प्रवार पर शहडोल पहुंचे। यहां विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ प्रदेश सरकार पर जमकर बरसेें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की 18 वर्ष से सरकार है, इन 18 वर्षों में भाजपा सरकार ने प्रदेश को भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, माफिया राज, दुष्कर्म की घटनाएं दी है।

कमलनाथ ने कहा कि यह तस्वीर आज मध्यप्रदेश की है। शिवराज सरकार में आज प्रदेश की पहचान माफिया राज, मिलावटखोरों से होती है। पूर्व सीएम ने कहा कि आज राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। कन्याकुमारी से कश्मीर तक तीन हजार किलोमीटर से अधिक की वो पैदल यात्रा कर रहे हैं, कितनी मेहनत व परिश्रम कर रहे हैं ताकि देश की जनता, युवाओं और किसानों का भविष्य सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि चुनाव में मात्र 11 माह बचे हैं, प्रदेश की तस्वीर आपके सामने हैं। प्रदेश में 15 वर्ष बाद आपके सहयोग से कांग्रेस की सरकार बनी थी लेकिन भाजपा ने सौदेबाजी से हमारी सरकार गिरा दी। मैं भी चाहता तो सौदा कर सरकार बचा सकता था लेकिन मैं सौदेबाजी से प्रदेश की राजनीति को कलंकित करना नहीं चाहता था।कमलनाथ ने कहा कि शिवराज जी ने अपने कार्यकाल में 21 हजार ऐसी घोषणाएं की जो आज तक अधूरी हैं। वह तो इतना झूठ बोलते हैं कि झूठ भी शर्मा जाता है, जहां जाते हैं वही घोषणा करने लग जाते हैं, जहां नदी नहीं होती, वहां भी पुल की घोषणा कर देते हैं। झूठ और घोषणाओं के दम पर वह जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। आज भाजपा के पास सिर्फ पुलिस, पैसा व प्रशासन बचा है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि आज मात्र 11 माह बचे हैं, आप लोगों को प्रदेश की तस्वीर देखकर प्रदेश को बेहतर बनाने के लिए कांग्रेस को समर्थन देना है। जिस प्रकार से आप ने नगरीय निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव में हमें समर्थन दिया है। हमें विश्वास है कि वैसा ही समर्थन हमें आगामी विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा। जिससे आगामी चुनाव में विधानसभा में कांग्रेस का झंडा एक बार फिर से लहराएगा।

Top