You are here
Home > Uncategorized > शिवराज ने प्रदेश को कोरोना, युवाओं को बेरोजगारी, महिलाओं को दुष्कर्म और शराब दी है – कमलनाथ

शिवराज ने प्रदेश को कोरोना, युवाओं को बेरोजगारी, महिलाओं को दुष्कर्म और शराब दी है – कमलनाथ

भाजपा के 18 साल के शासन में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था, राशन व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है – कमलनाथ

मुरैना – शिवराज सिंह लाड़ली योजना लाकर अपने पाप धोने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश को कोरोना, युवाओं को बेरोजगारी, महिलाओं को दुष्कर्म और शराब दी है। वे शिलान्यास करने वाले मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया। यह बोलते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर बरस पड़े। वे शनिवार को जौरा कस्बे के मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन व किसान सभा को संबोधित करने आए थे।
मंच से कमलनाथ शिवराज सिंह चौहान पर बरसे। बोले- मैं न तो राजा हूं और न ही मामा, मैं तो जनता का सेवक हूं। शिवराज सिंह ने 18 साल तक न महिलाओं की सुध ली और न ही किसानों की। हमने तो अपनी 14 महीने की सरकार में किसानों के ऋण माफ कर दिए थे, लेकिन भाजपा ने तो वह भी नहीं किए। लाड़ली बहना योजना तब लेकर आए। जब उन्हें लगा कि अब सरकार हाथ से जा रही है। अभी तक उन्होंने महिलाओं के लिए यह योजना शुरू क्यों नहीं की। असल में वे इस योजना द्वारा 18 साल के पाप धोना चाहते हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता को कुछ नहीं दिया है। नौजवानों को बेरोजगारी दी है। किसानों को आत्महत्या दी है। महिलाओं को बलात्कार व शराब की समस्या दी है। जनता भाजपा सरकार की मनमानी से त्रस्त है। हर हाल में पिंड छुड़ाना चाहती है। उन्होंने जौरा वासियों से हाथ जोड़कर इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए निवेदन किया।
मंच पर पहुंचने से पहले कमलनाथ मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से आज किसान, युवा व कर्मचारी त्रस्त हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा के 18 साल के शासन में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था, राशन व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। इसका परिणाम है कि भटकता हुआ नौजवान, रोता हुआ किसान व शासकीय कर्मचारी परेशान है। आज आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अतिथि शिक्षक, संविदा कर्मचारी हड़ताल पर, यहां तक कि वकील तक हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा से ऊब चुकी है। लिहाजा, अबकी बार 2023 में कांग्रेस की सरकार निश्चित रुप से बनेगी।
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला व विधायकों में लाखन सिंह, राकेश मावई, अजब सिंह कुशवाह, रविन्द्र भिड़ौसा, बैजनाथ कुशवाह व पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, महापौर शारदा सोलंकी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुर्जर, मधुराज सिंह तोमर, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष जौरा मनोज सिंह सिकरवार, पूर्व प्रत्याशी पंकज उपाध्याय, राकेश यादव पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत, भानुप्रताप सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष, वृन्दावन सिंह सिकरवार, संजय यादव व हरीसिंह कुशवाह जिला पंचायत सदस्य सहित तमाम पदाधिकारी व हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Top