You are here
Home > Uncategorized > हे प्रभु! हे महाकाल! दूसरे ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में पैदा न हों – दिग्विजय सिंह

हे प्रभु! हे महाकाल! दूसरे ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में पैदा न हों – दिग्विजय सिंह

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उज्जैन में महाकाल से कहा, ‘हे प्रभु! हे महाकाल! दूसरे ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में पैदा न हों।’

शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि 15 महीने में हमारे धनाढ्य विधायक कमाई में लग गए और बिक गए। हमारे अनुसूचित जाति-जनजाति के विधायकों को भी ऑफर आए थे। उन्होंने 25-25, 50-50 करोड़ के ऑफर ठुकरा दिए, लेकिन बड़े-बड़े महाराजा बिक गए। आगामी चुनाव में विशेष ख्याल रखेंगे कि इस बार हमारा प्रत्याशी टिकाऊ हो, ना कि बिकाऊ।
दिग्विजय ने जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को हुई आतंकी घटना का जिक्र करते हुए कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी के बाद कहा था कि इससे आतंकी घटनाएं रुक जाएंगी। आतंकी हमले पहले घाटी में होते थे, अब जम्मू तक पहुंच गए हैं। 370 हटाने के बाद रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय के आंकड़े बता रहे हैं कि आतंकवादी घटनाएं बढ़ी हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- जम्मू में हुई आतंकवादी घटनाओं में चाइनीज कारतूस भी मिले हैं। ये नई बात सामने आई है कि चीन की ओर से भी आतंकवादी गतिविधियों को समर्थन दिया जा रहा है।
महाकाल लोक को लेकर दिग्विजय ने कहा कि इसके लिए कमलनाथ सरकार ने 350 करोड़ रुपए की मंजूरी दी थी। अब देखिए जो भी ठेकेदार आएगा, वो गुजरात का रहता है। ओंकारेश्वर में शंकराचार्य की मूर्ति का काम भी गुजरात के ठेकेदार को मिला है। पहले नि:शुल्क दर्शन होते थे, अब गर्भगृह के 700, शीघ्र दर्शन के 250 और भस्म आरती के 200 रुपए लगते हैं।
दिग्गी ने सीएम शिवराज पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने 2100 घोषणाएं कीं, लेकिन इन पर अमल नहीं हुआ। इसकी सूची जल्द आपको दी जाएगी। वहीं प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर उन्होंने कहा- मैंने मुख्यमंत्री पद छोड़ा था, तब प्रदेश पर 23 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था। अब 3.50 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है।

Top