You are here
Home > Politics > कांग्रेस नेताओं ने जताई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में उपद्रव की आशंका

कांग्रेस नेताओं ने जताई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में उपद्रव की आशंका

भोपाल। मप्र में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर कांग्रेस नेताओं ने हमले की आशंका जताई है। भिंड जिले में बीते दिन हुई घटना के बाद कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने सामुहिक रूप से सवाल उठाते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्राा पर उपद्रव की आशंका जाहिर की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा बौखला गई है, लिहाजा वे इस यात्रा में उपद्रव करा सकती है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री अजय सिंह, अरुण यादव, जयवर्धन सिंह, युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने संयुक्त रुप से बयान जारी किया है। जिसमें कहा है कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी बुरी तरह बौखला गई है। आगामी 20 नवंबर को राहुल गांधी की यात्रा मध्यप्रदेश में प्रवेश कर रही है। लेकिन इस यात्रा से पहले ही यात्रा से संबंधित डॉक्टर गोविंद सिंह की यात्रा में जिस तरह से एक व्यक्ति कट्टा लेकर प्रवेश कर गया और गोली चलाई, उससे स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार जानबूझकर यात्रा को समुचित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं करा रही।सभी नेताओं ने कहा कि यह घटना ठीक उसी दिन हुई है जिस दिन प्रदेश काग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इंदौर में आधिकारिक रूप से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और पूरे कार्यक्रम को सार्वजनिक किया। इसे सिर्फ सहयोग नहीं माना जा सकता।

सभी नेताओं ने आशंका व्यक्त की कि श्री राहुल गांधी की यात्रा जब मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी तो भारतीय जनता पार्टी असामाजिक तत्वों के माध्यम से यात्रा में व्यवधान उत्पन्न कर सकती है। नेताओं ने कहा कि सत्ताधारी दल होने के नाते भाजपा की यह जिम्मेदारी है कि वह जिम्मेदारी से अपना काम करे और भाजपा सरकार राहुल गांधी की यात्रा को निर्विघ्न संपन्न होने दे।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है कि वह प्रदेश में कानून व्यवस्था स्थापित करे और किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में असामाजिक तत्वों का प्रवेश ना होने दे। लेकिन जिस तरह के बयान भाजपा सरकार के मंत्री दे रहे हैं उससे ऐसा लगता है कि वह कानून व्यवस्था बनाने के बजाय कानून व्यवस्था बिगाडऩे का इरादा रखते हैं।

नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी भारत के इतिहास की सबसे लंबी पदयात्रा निकाल रहे हैं और इससे पूरे देश में एक नया जोश है। मध्यप्रदेश में भी यात्रा 350 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। राहुल गांधी संविधान निर्माता बाबासाहेब आंबेडकर और आदिवासी समाज के महानायक टंट्या भील की जन्मस्थली पर भी जाएंगे। वे ओमकारेश्वर में भी दर्शन करेंगे। राहुल गांधी के इस तरह के सार्वजनिक कार्यक्रमों को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार को तुरंत एक बयान जारी करके यह स्पष्ट करना चाहिए कि राहुल गांधी की यात्रा को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पूरी तरह से सजग रहना चाहिए और अपनी तरफ से इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि भाजपा राहुल गांधी की यात्रा के दौरान कोई षड्यंत्र या शरारत ना कर सके। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की कि वे अपने पद के दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करें और राहुल गांधी की यात्रा के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करें।

Top