You are here
Home > MP > कांग्रेस अध्यक्ष चुनावः दिग्विजय सिंह शुक्रवार को दाखिल करेंगे नामांकन, मप्र के 10 विधायक बनेंगे प्रस्तावक

कांग्रेस अध्यक्ष चुनावः दिग्विजय सिंह शुक्रवार को दाखिल करेंगे नामांकन, मप्र के 10 विधायक बनेंगे प्रस्तावक

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।मध्य प्रदेश के 10 विधायक नामांकन दाखिल करते समय उनके प्रस्तावक बनेंगे। जो गुरुवार को दिल्ली रवाना हो रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने इसकी जिम्मेदारी मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह को सौंपी है। डा. गोविन्द सिंह ने दूरभाष पर संबंधित विधायकों से दिल्ली पहुंचने को कहा है।सूत्रों के अनुसार दिग्विजय सिंह गुरुवार को सुबह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से सीधे दिल्ली पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन फार्म ले लिया है। वे शुक्रवार को अपना नामांकन फार्म दाखिल करेंगे।

मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पार्टी के वरिष्ठ विधायक डा. गोविंद सिंह ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें विधायकों के साथ दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए हैं। ये विधायक प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि हैं। इसके अलावा कुछ अन्य प्रतिनिधि भी दिल्ली पहुंचेंगे। विधायकों से बात हो रही है। कुछ विधायक शाम तक दिल्ली पहुंच जाएंगे। उन्होंने दिग्विजय सिंह द्वारा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र जमा करने पर कहा कि इस बारे में अभी हमें कोई अधिकृत जानकारी नहीं है लेकिन वे अध्यक्ष बनते हैं तो यह अच्छा निर्णय होगा। वे संगठन में कई पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह 10 साल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा।

डा. गोविंद सिंह ने बताया कि अभी तक जीतू पटवारी, हिना कांवरे, रामलाल मालवीय, आरिफ मसूद, सचिन यादव और पीसी शर्मा से बातचीत हो चुकी है और ये सभी लोग गुरुवार को देर रात दिल्ली पहुंच रहे हैं। इसके अलावा अन्य विधायकों से भी दिल्ली जाने के लिए बातचीत हो रही है।

Top